- कैसरबाग डिपो की अनुबंधित है बस, गोला लखीमपुर मार्ग हुआ हादसा
रविवार की रात गोला से लखीमपुर आ रही कैसरबाग डिपो की अनुबंधित बस की कमानी का अचानक मेन पटा टूट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर खाईं में उतर गई। बस में करीब पचास यात्री सवार थे, जो सभी सकुशल बताए जाते हैं। मौके पर पहुंचे गोला डिपो के स्टेशन इंचार्ज और टीआई ने बस के यात्रियों को दूसरी बस में बिठाकर लखीमपुर के लिए भिजवा दिया।
कैसरबाग डिपो की अनुबंधित बस संख्या यूपी बस संख्या 32 सीजेड 5917 रविवार की रात में करीब पचास सवारियां लेकर गोला से लखीमपुर आ रही थी। बताते हैं कि रजांगज और फरधान के बीच पचपेड़वा क्रेशर के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर खाईं में उतर गई और एक पेड़ से टकराकर रुक गई, जिससे बस पलटने से बच गई और बस में सवार सभी यात्री सकुशल रहे। हालांकि इस दौरान बस से निकलने की जल्दबाजी को लेकर मची आपाधापी से कुछ सवारियों को मामूली चोटों के आने की बात बताई गई। बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही रूट पर चेकिंग कर रहे गोला डिपो के टीआई प्रेमशंकर कोष्टा सहित गोला डिपो के स्टेशन इंचार्ज नफासत और नंदलाल भी मौके पर जा पहुंचे, जिन्होंने इस बस के सभी यात्रियों को लखीमपुर जा रही अन्य बसों में बिठलवा दिया। बस चालक का कहना था कि कमानी का मेनपटा टूट जाने से बस अनियंत्रित हो गई और खाईं में चली गई और सभी यात्री सही सलामत रहे।
बस के खाईं में उतरने का कारण कमानी का टूटना बताया गया है, गोला डिपो के स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर सभी यात्रियों को दूसरी बसों में ट्रांसफर करवा दिया। - वीके गोस्वामी, एआरएम