नीमगांव थाना क्षेत्र के मेंहदी क्रय केंद्र पर चौकीदार को बांधकर नगदी-मोबाइल और एक किसान की ट्रॉली लूटने के मामले में पुलिस ने तीन दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। मुकदमे में पुलिस ने पीड़ित चौकीदार को ही अमानत में खयानत का आरोपी बना दिया है।
बता दें कि बीते सोमवार को मेंहदी क्रय केंद्र्र पर पकरिया गांव के किसान हरगोविंद अपना गन्ना तुलवाने के लिए गए थे लेकिन गन्ना न तुलने पर ट्रॉली वहीं खड़ी कर दी। उसी रात ट्रैक्टर सवार बदमाशों ने धावा बोलकर चौकीदार शंकर दयाल को बांधकर पीटा। इसके बाद उससे मोबाइल और पांच सौ रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने ट्रैक्टर में ट्रॉली जोड़कर फरार हो गए थे। दूसरे दिन पुलिस ने चौकीदार की तहरीर नहीं ली लेकिन किसान की तहरीर पर छानबीन शुरू कर दी। तीन दिन बाद पुलिस ने इस मामले में चौकीदार शंकर दयाल के खिलाफ अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज किया है। एसओ नीमगांव परशुराम ओझा का कहना है कि छानबीन के दौरान चौकीदार की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।