बैंक से पैसा निकालकर पैदल घर जा रहे एक ग्रामीण से नहर के किनारे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी पिटाई कर बीस हजार रुपये लूट लिए। ग्रामीण के शोर मचाने पर खेतों में काम कर रहे लोग आ गए। लोगों को आता हुआ देखकर दो बदमाश भाग निकले जबकि बदमाशों का एक साथी गन्ने में घुस गया। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उसको दबोच कर पुलिस के हवाले किया।
एसओ डीके यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
गांव बौधिया खुर्द निवासी कामता प्रसाद मौर्य ने बम्हनपुर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक से बृहस्पतिवार को 20 हजार रुपये मकान बनवाने के लिए निकाले थे। वह रुपये लेकर करीब दो बजे नहर के किनारे बनी पटरी पर पैदल घर जा रहा था। पीछे से एक बाइक पर नकाबपोश तीन सवार आए और तमंचा दिखाकर उसे रोक लिया। कामता प्रसाद की जेब में रखे रुपये छीनते हुए उसकी पिटाई करने लगे।
कामता ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर नहर के पास खेतों में काम कर रहे लोग आ गए। लोगों को आता हुआ देखकर बाइक पर दो लुटेरे सवार होकर रुपये लेकर भाग गए। उनका एक साथी रह गया। वह लोगों से बचने के लिए गन्ने के खेत में घुस गया। ग्रामीणों और खेतों में काम कर रहे लोगों ने गन्ने की घेराबंदी कर लुटेरे को दबोच लिया। उसकी पिटाई करने के बाद घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है। एसओ डीके यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम मुकेश निवासी सहतेपुरवा बताया है। उसने लूट की वारदात को स्वीकार भी किया है। पकडे़ गए आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम भी स्वीकार किए हैं।