शहर के भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली, जबकि उसकी छह माह पहले ही शादी हुई थी। घटना के वक्त नवविवाहिता घर पर अकेली थी। उसका पति और ससुर नगर पालिका मे ड्यूटी पर थे। सूचना पर एलआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। मायके पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं है।
भंसड़िया स्थित कांशीराम कॉलोनी के निवासी अमित कुमार की शादी सात मई 2015 को मोहल्ला हाथीपुर उत्तरी निवासी रामविलास की पुत्री 19 वर्षीय भाग्यश्री के साथ हुई थी। कॉलोनी स्थित आवास में अमित कुमार और उसकी पत्नी के अलावा पिता रामकिशोर रहते हैं। बुधवार को सुबह अमित और उसका पिता नगर पालिका में ड्यूटी पर गए थे। घर पर भाग्यश्री अकेली थी। दिन में करीब ढाई बजे अमित घर आया, तो दरवाजा खोलने के लिए उसने आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर उसने दरवाजे को धक्का दिया तो वह खुला था। अंदर जाकर देखा तो भाग्यश्री का शव पंखे से लटक रहा था। चीखते हुए वह बाहर भागा, जिससे मोहल्ले के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मामले की सूचना पाकर एलआरपी चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के पति अमित ने आत्महत्या के कारणों के बारे में जानकारी होने से इंकार किया है।