कोतवाली क्षेत्र के बजहा गांव के बीडीसी सदस्य के घर पर बुधवार की मध्य रात अज्ञात लोगों ने दो देसी बम फेंके, जिसमें एक बम छत पर फटा और दूसरा आंगन में गिरा लेकिन फटने से रह गया। धमाके की आवाज पर जागे घरवालों के अलावा ग्रामीण एकत्र हो गए। उन्हें मेन गेट पर एल्युमिनियम के तार से लटकता धमकी भरा पत्र मिला। पीड़ित गृहस्वामी ने पुलिस को सूचना दी है।
बजहा गांव निवासी बीडीसी सदस्य राधामोहन तिवारी अपने घर के आंगन में पत्नी कौशल्या, बेटी जय देवी और पोती तान्या के साथ सो रहे थे और इनका बेटा उत्तम तिवारी अपनी पत्नी नीरा तिवारी और बेटी रामकांति के साथ छत पर सो रहा था। राधामोहन तिवारी के मुताबिक बुधवार रात 1.05 पर घर की पश्चिमी छत पर एक देसी बम गिरा और तेज धमाके के साथ फट गया। इसके बाद दूसरा बम आंगन में उनके पलंग के पास गिरा, जो नहीं फटा। तेज आवाज सुनकर मोहल्ले के लोगों सहित परिवार के लोग भी जाग गए। गेट की तरफ देखा तो मेन गेट पर एल्युमिनियम तार से लटकता एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें दो लाख की रंगदारी मांगी गई थी, साथ ही धमकी दी गई थी कि 15 अगस्त की रात मौत की रात होगी। राधामोहन तिवारी ने पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाल विजय प्रताप ने बताया कि मौका मुआयना किया है। मौके से सुतली बम बरामद किया गया है। धमकी भरे पत्र की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया किसी शरारती तत्व का काम लगता है।