ट्रक चालक की लापरवाही से सड़क किनारे छप्पर के नीचे सो रहे एक युवा मजदूर की मौत हो गई। माना जा रहा है ट्रक चालक को नींद आने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को अपने कब्जे में कर लिया है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह हादसा बृहस्पतिवार को लखीमपुर-गोला मार्ग पर लालपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब साढ़े तीन बजे हुआ। यहां पर कई दिनों से सड़क की मरम्मत की जा रही है। पुलिस ने बताया सिंगाही थाने के सूरतनगर निवासी मजदूर इस्माइल (30) भी सड़क पर काम करता था। रात में वह रोड किनारे हुसैनापुर निवासी रामखेलावन के होटल के छप्पर के नीचे सो जाता था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे गोला की तरफ से तेज रफ्तार आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने पान के खोखे को रौंदते हुए छप्पर के नीचे सो रहे इस्माइल को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीलीभीत जिले के उमरिया थाने के माधोपुर निवासी ट्रक चालक इश्तियाक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में कर लिया। एसओ शिवानंद यादव ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने हादसे में अन्य लोगों के घायल होने की बात से इनकार किया है। पुलिस का मानना है ड्राइवर की आंख लगने से यह हादसा हुआ।
पान का खोखा टूटा हजारों का नुकसान
हादसे में हुसैनापुर निवासी नीरज जायसवाल का रोड किनारे रखा पान का खोखा भी टूट गया। नीरज ने बताया उसका करीब साढ़े छह हजार के सामान का नुकसान हो गया है।
एआरटीओ की चेकिंग से हड़कंप
लखीमपुर-गोला रोड पर एआरटीओ संजीव गुप्ता ने बृहस्पतिवार को डग्गामार वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने सवारियों को लटकाकर ढोने वाली चार मैजिक वाहनों को सीज कर थाने में खड़ी करा दिया। चेकिंग से वाहन स्वामियों में हड़कंप मच गया।