विद्युत उपकेंद्र कॉलोनी के पीछे स्थित साईं बाबा मंदिर पर शनिवार की देर रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया और यहां रखवाली कर रहे दो लोगों को बांधकर डाल दिया। लूटपाट के बाद बदमाश भाग निकले। पुलिस ने मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है।
साईं बाबा मंदिर की छोटेलाल और ननकू रखवाली करते हैं। शनिवार की देररात वह सो रहे थे कि तभी कुछ सशस्त्र बदमाश बाइक से आए और दोनो को कब्जे में कर बांध दिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर का ताला खोल दिया और एंप्लीफायर, इन्वर्टर और रखवाली करने वालों का एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए। उन्होंने दानपात्र में भी तोड़फोड़ की, लेकिन यह पता नहीं चल सका कि वह दानपात्र से कितने रुपये ले गए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की है, जिससे लोग संतुष्ट नहीं हैं। थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर मौका मुआयना किया गया था और तहरीर के आधार पर चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।