लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर बाबागंज बाजार के पास रोडवेज बस ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे बाइक समेत युवक बस में फंसकर काफी दूर तक घिसटता रहा। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गुस्साए लोगों ने रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं, हादसे के बाद फोन करने के बावजूद 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे दूसरे वाहन से उसे अस्पताल भेजा गया।
चिमनी गांव निवासी 25 वर्षीय तुलसीराम बृहस्पतिवार की सुबह करीब 10 बजे बाबागंज बाजार के पास सड़क किनारे खड़ा था। तभी लखीमपुर की ओर से आ रही गोला डिपो की रोडवेज बस यूपी 31 टी4270 ने दूसरी बस को ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक सवार तुलसीराम को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तुलसीराम बाइक समेत बस के अगले हिस्से में फंस गया। करीब 10 मीटर तक वह बस के साथ घिसटता रहा, जिसके बाद बस को वहीं छोड़कर ड्राइवर भाग गया। ओयल चौकी पुलिस ने गंभीर रुप से घायल तुलसीराम को बाहर निकाला। एंबुलेंस के न आने पर चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार राय घायल को प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल भिजवाया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने लाठी-डंडों से बस में तोड़फोड़ कर दी। चौकी इंचार्ज ने लोगों को समझाकर शांत कराया।