पसगवां कोतवाली अंतर्गत ग्राम जमिरहा में आधा दर्जन लोगों ने पिता तथा पुत्र को लाठी डंडे तथा धारदार हथियार से मारपीट जख्मी कर दिया। पिता का एक कान कटकर अलग हो गया है ।
पुलिस के अनुसार दीपावली के दिन शाम लगभग 5 बजे ग्राम जमिरहा निवासी विक्रम दत्त अपने दरवाजे पर बैठा हुआ था, इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही रामपाल अपने पुत्रों के साथ उधर से गाली गलौज करते हुए निकला। विक्रम दत्त के विरोध करने पर अभियुक्तों ने उसकी लाठी डंडे से पिटाई कर दी, पिता को बचाने आए विक्रम के पुत्र अखिलेश कुमार की भी अभियुक्तों ने पिटाई की। इसी बीच एक अभियुक्त ने विक्रम दत्त का बायां कान हंसिया से काट कर अलग दिया । शोरगुल सुनकर तमाम लोग मौके पर पहुंचे, तब तक अभियुक्त जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए । विक्रम दत्त ने रामपाल , मुकेश , दिनेश , अजेश ,राजू सहित छह लोगों के विरुद्ध मारपीट तथा अंग-भंग करने सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है । कोतवाली पुलिस ने घायल पिता पुत्र का सीएचसी पसगवां में चिकित्सकीय परीक्षण कराया । नामजद आरोपी फरार हैं ।