महिला डॉक्टर की तहरीर पर आईटी एक्ट के तहत हुुई कार्रवाई
एक महिला डॉक्टर के व्हाट्सएप एकाउंट पर अश्लील मैसेज और तस्वीर भेजने के मामले में पुलिस ने आरोपी एमआर के खिलाफ साइबर एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।
शहर के एक मोहल्ला में रहने वाली महिला डॉक्टर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि पेशे से एमआर युवक उनके व्हाट्सएप एकाउंट पर कुछ दिनों से अश्लील मैसेज और तस्वीर भेज रहा था। जब महिला डॉक्टर ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने उन्हें धमकाते हुए मैसेज भेजा कि अगर पागल हो गया तो कुछ भी कर सकता हूं। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। इससे परेशान होकर महिला डॉक्टर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक के मोबाइल नंबर के आधार पर आईटी एक्ट 2008 की धारा 67 ए के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।