- मृतक छात्र के पिता ने जताई नहर में ढकेलने की आशंका
शहर के मोहल्ला गुलजारनगर निवासी छात्र तैमूर खां की शारदा नहर में डूबकर हुई मौत के मामले में घरवालों ने साथी छात्रों पर नहर में ढकेलकर मार डालने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता निजाम खां ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की है, जिस पर एसपी अखिलेश चौरसिया ने मामले की जांच सीओ सिटी एमपी सिंह को सौंप दी हैै।
बता दें कि मोहल्ला गुलजारनगर निवासी छात्र 17 वर्षीय तैैमूर खां 12 मार्च की दोपहर अन्य छात्रों के साथ नहाने के लिए रमही कॉलोनी के पास स्थित शारदा नहर गए थे, जहां नहाने के दौरान तैमूर खां नहर में डूब गया था। साथी छात्रों ने उसे बचाने के प्रयास किए, लेकिन असफल रहे थे। इसके बाद डरे सहमे अन्य छात्र वापस अपने घर लौट गए थे, लेकिन हादसे की जानकारी तैमूर के परिवार वालों को नहीं दी थी और न ही पुलिस को सूचना दी। लिहाजा शाम को परिवार वालों ने तैैमूर की खोजबीन शुरू की, जिसके बाद हादसे की जानकारी हुई। दूसरे दिन गोताखोरों की मदद से शव को बरामद किया गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था, जिसमें डाक्टर ने मौत का कारण डूबने से बताया है। हालांकि हाथों में खरोंच के निशान पाए गए हैं। इस तथ्य को आधार बनाते हुए मृृतक छात्र के पिता निजाम खां ने साथी छात्र पर धोखे से बुलाकर नहर में ढकेलने का आरोप लगाते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।
00
सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कराई जा रही है। इसके लिए सीओ सिटी को जांच दी गई है। - अखिलेश चौरसिया, एसपी