मोहल्ला कृष्णानगर में दर्जनभर बदमाशों ने की वारदात, लोगों में दहशत
मोहल्ला कृष्णानगर के एक घर में असलाहधारी बदमाशों ने धावा बोलकर गोरखपुर में तैनात एक रेलवे कर्मी के घर में परिजनों को बंधक बनाकर 90 हजार रुपये की नगदी और जेवरात समेत लाखों रुपये का माल पार कर दिया। मामले की सूचना तहरीर के जरिए पुलिस को दे दी गई है। घटना से पूरे मोहल्ले में सनसनी फैली हुई है और लोग दहशत में हैं।
पटिहन रोड स्थित मोहल्ला कृष्णानगर में बालकराम का घर है। बालकराम रेलकर्मी हैं और वर्तमान में गोरखपुर में तैनात हैं। उनके बड़े बेटे राजेश कुमार और छोटा बेटा दिनेश अपने परिवार संग यहां रहते हैं। राजेश के मुताबिक रात में लगभग एक बजे के आसपास दीवार फांदकर एक नकाबपोश बदमाश नीचे आया और दरवाजा खोल दिया। जिसके बाद लगभग एक दर्जन नकाबपोश असलहाधारी बदमाश घर में घुस आए और दोनों भाईयों के साथ ही पत्नी मीना, मां शांति देवी व अन्य परिजनों को बंधक बना लिया। बदमाशों ने दो कमरों में से लगभग 90 हजार रुपए की नगदी, तीन जोड़ी झुमकी, पायल, तीन-चार सोने के पैंडल, तीन मंगलसूत्र, दो सोने के हार, चांदी की करधनी, चांदी के 20 सिक्कों के साथ ही एक मोबाइल पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही जाते- जाते किसी को बताने पर दोबारा आकर जान से मारने की धमकी भी दी। दहशत के साए में किसी तरह पीड़ितों ने पूरी रात काटी और सुबह होने पर पड़ोसियों और अन्य लोगों को सूचित किया। सूचना पर चौकी इंचार्ज जेके भदौरिया ने मौका मुआयना किया। जबकि सपा प्रत्याशी अनीता यादव, ब्लॉक प्रमुख महेश राही ने भी पहुंचकर परिजनों से बात की। पीड़ित ने लूट की तहरीर कोतवाली पुलिस में दी है।
ब्लॉक प्रमुख को मारने की बात कहकर फैलाई सनसनी
पीड़ित राजेश कुमार ने बताया कि नकाबपोश असलहाधारी बदमाशों ने कहा कि वह ब्लॉक प्रमुख महेश राही की हत्या करने आए थे। इस बात ने सनसनी फैला दी है तो वहीं ब्लॉक प्रमुख भी हैरान हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने पुलिस से वार्ता की है और इस मामले का जल्द पर्दाफाश कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग की है।