खीरी में पिछले महीने हुए अदब हत्याकांड में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। अहम सुराग हाथ लगने के बाद पुलिस ने शनिवार की रात को कस्बे के दो लोगों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है। हत्यारों के तार नेपाल सीमा से सटे कस्बे में जुड़े होने के क्लू मिले हैं।
29 मई 2015 की रात को बुखारी टोला निवासी अदब फारुखी को बाजार में स्थित उसकी दुकान पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दूसरे दिन मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू की थी। एक माह के दौरान खीरी पुलिस हत्यारों तक पहुंचने के सिलसिलेवार कड़ियां जोड़ रही थी। इस दौरान पुलिस के शक की सुई लखनऊ की एक महिला की ओर थी, जिसमें पुलिस टीम ने कई बार लखनऊ में भी डेरा डाला था। अब खीरी एसओ महेंद्र कुमार सिंह बता रहे हैं कि सर्विलांस के जरिए कुछ अहम सुराग लगे हैं। खीरी कस्बे के दो व्यक्तियों को शनिवार की रात उठाया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि नेपाल सीमा से सटे एक कस्बे से हत्या के तार जुड़े होने के क्लू मिले हैं। लिहाजा अदब हत्याकांड के खुलासे के लिए खीरी पुलिस ने नेपाल बार्डर पर स्थित कस्बे में डेरा डाल दिया है। एसओ ने बताया कि पुलिस हत्यारोपियों के करीब पहुंच गई है, बहुत ही जल्द उन्हें पकड़कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। पुलिस की माने तो यह खुलासा बेहद चौंकाने वाला होगा।