आंध्र प्रदेश से प्राचीन सिक्का खरीदने के लिए कफारा गांव आए तीन लोगों को पुलिस ने एक घर से पकड़कर पूछताछ की है और उनके कब्जे से एक बोलेरो भी मिली है। पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ के आधार पर ठगों के गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुट गई है। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को गुमराह करने का भी प्रयास किया, जिससे पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई है। सीओ धौरहरा मनोज यादव ने भी पकड़े गए लोगों से पूछताछ की है।
शुक्रवार को कफारा गांव में आंध्र प्रदेश की एक बोलेरो से तीन लोग आए और एक व्यक्ति के घर पहुंचे। इसकी सूचना ग्रामीणों ने कफारा चौकी प्रभारी तौफीक अहमद को दी, जिसके बाद पुलिस ने उक्त व्यक्ति के घर दबिश देकर आंध्र प्रदेश के कुरूनूल जिले के तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इन लोगों ने बताया कि अमन नामक किसी व्यक्ति ने प्रचीन सिक्का बेचने के लिए उन्हें बुलाया था। पकड़े गए लोगों के अनुसार ठगों से उनकी मुलाकात हैदराबाद के एक जलसे में हुई थी। पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने पुलिस को बताया कि प्राचीन सिक्के का सौदा करीब चार लाख रुपये में तय हुआ था। सूचना पाकर सीओ मनोज यादव भी चौकी पहुंचे और पकड़े गए लोगों से पूछताछ की। सीओ ने कोतवाली पुलिस को ठगों से जुड़े लोगों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। एसएसआई अमर सिंह ने बताया कि पकड़े गए लोगों ने जिस व्यक्ति का नाम बताया है वह फर्जी प्रतीत हो रहा है। तीनों लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।