नगर पंचायत के मोहल्ला पश्चिम चमरौधा के सदस्य को एक व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी है। नगर पंचायत के सदस्यों का एक प्रतिनिधि मंडल एसडीएम से मिला। एसडीएम पीके सिंह ने एसओ को कार्रवाई का आदेश दिया है। कार्रवाई न होने पर सदस्यों ने नगर पंचायत भवन के सामने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
नगर के मोहल्ला पश्चिम चमरौधा निवासी सदस्य जोगेंद्र शाक्य ने बताया कि उसी के मोहल्ले के रामचंद्र ने पांच साल पहले दुकान किराए पर मोहल्ले के ही कुतबुद्दीन को दी थी। आरोप है कि कुतबुद्दीन ने 30 मई 2015 को दुकान खाली करने का एग्रीमेंट भी लिखा था। आरोप है कि समयावधि पूरी होने के बाद भी उसने दुकान खाली नहीं की। रामचंद्र सदस्य जोगेंद्र शाक्य के पास पहुंचा। जोगेंद्र शाक्य ने एक पंचायत चेयरमैन के घर बुलाई। वहां पर दोनों पक्ष मौजूद थे। पंचायत ने किराए की जमीन खाली करने को कहा। मामला अपने पक्ष में होता न देखकर नाराज कुतबुद्दीन जोगेंद्र शाक्य से भिड़ गया और सारे मामले की जड़ होने की बात कहकर जान से मारने की धमकी देने लगा। किसी तरह से वहां पर लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया। सदस्य बबलू गुप्ता, गिरजेश, मोबीन, मिसबाहुद्दीन, बीरबल, नरेंद्र समेत आधा दर्जन से अधिक सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल एसडीएम से मिला। एसओ जेपी यादव ने बताया कि मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।