पहला भीड़ को भड़काने और दूसरे में गोलीकांड का आरोप
वायरल वीडियो मामले में पहले ही जेल में हैं दो आरोपी, तीसरे की तलाश में दबिशें
धार्मिक भावनाएं भड़काने वाला वीडियो वायरल होने के बाद शहर में बवाल और कर्फ्यू लगा दिया गया था। बृहस्पतिवार रात में दो मामले दर्ज किए गए। पहला मामला शहर के शोरूम पर तोड़फोड़ करने और भीड़ को भड़काने का, जबकि दूसरा गोलीकांड का दर्ज हुआ। देर रात भीड़ को भड़काने वालों की तलाश शुरू हुई, जिसमें भाजपा नेता विनोद गुप्ता समेत तीन को अरेस्ट कर लिया गया। वहीं गोलीकांड के मामले में शोरूम के मालिक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी का शांति भंग करने के आरोप में चालान भेजा है।
बुधवार को शहर के मोहल्ला थरबरनगंज स्थित शोरूम पर तोड़फोड़ होने और फायरिंग में दो लोगों के घायल होने पर माहौल बिगड़ गया। पुलिस दोनों घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। इसके बाद छापामारी कर भाजपा नेता विनोद गुप्ता समेत तीन लोगों को अरेस्ट कर लिया। उधर लखनऊ के जानकीपुरम निवासी अमित कुमार मिश्रा की ओर से शोरूम के मालिक नसीम को नामजद कर सात-आठ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने शो रूम मालिक नसीम को गिरफ्तार कर लिया है। अमित कुमार मिश्रा ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में कहा है कि वह दो मार्च को लखीमपुर खीरी के राजापुर निवासी रवि विश्वकर्मा और वलदेवनगर निवासी सचिन गुप्ता के साथ रात करीब नौ बजे रेमंड शो रूम के सामने से निकल रहे थे। वहां पहले मौजूद रेमंड शोरूम मालिक नसीम अपने सात-आठ अज्ञात लोगों के साथ खड़े थे। आरोप है कि नसीम के हाथ में रिवाल्वर था अन्य लोगों के हाथों में लोहे की रॉड थी। आरोपियों ने उन्हें देखते ही गालियां देनी शुरू कर दीं। जब उन लोगों ने विरोध किया तो आरोपी नसीम ने रवि और सचिन को गोली मार दी, जबकि उसे सिर पर रॉड मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने घायल की रिपोर्ट पर शोरूम मालिक नसीम और सात-आठ अज्ञात के खिलाफ आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 307, 504 में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक दर्जन से अधिक लोग हिरासत में
शुक्रवार को भी पुलिस की ताबड़तोड़ दबिशें जारी रहीं। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों से एक दर्जन से अधिक लोगों को दबोच कर हिरासत में ले लिया। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे।
बवाल को लेकर दो मामले दर्ज किए गए है। दोनों मामलों में भाजपा नेता समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर सीआरपीसी की धारा 151 में चालान किया गया है। अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में आरोप सिद्ध होने पर सुसंगत धाराओं में कार्रवाई होगी।
-मनोज कुमार झा, एसपी