धौरहरा में तीन घरों के आठ किराएदारों के घरों में हुई चोरी
ईसानगर में चार दुकानों से पार किया लाखों का माल
पुलिस लखनऊ में प्रधानमंत्री की सभा की सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी में व्यस्त थी, इससे चोरों की मौज आ गई। चोर धौरहरा कस्बे के तीन घरों के आठ किराएदारों का लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। ईसानगर कस्बे में चार दुकानों का ताला तोड़कर चोर नगदी और सामान पार कर ले गए।
धौरहरा। शुक्ला वार्ड निवासी विमल अवस्थी के घर में ताला तोड़कर चोर घुस गए और किराएदार डॉ. केके भार्गव और स्टेट बैंक के कैशियर आशीष कुमार के कमरों से एक टीवी, दो लैपटॉप, कपडे़ और तीन हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। कस्बे के ही विनोद तिवारी के मकान में किराए मेें रह रहे शिक्षक राममोहन पांडेय, आलोक कुमार, संजीव तिवारी और सतीश कुमार के कमरों के ताले तोड़ कर चोर दो हजार नगद, अंगूठी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। रवींद्र श्रीवास्तव के घर में किराएदार दिनेश्वर सिंह और दीपक कुमार के कमरों के भी ताले तोड़कर चोर एक टीवी और घरेलू सामान उठा ले गए। रविवार होने के कारण सभी किराएदार छुट्टी मनाने अपने-अपने घर गए थे। पीडितों ने कोतवाली में तहरीर दी है, लेकिन कोतवाल रामजी चौधरी ने तहरीर मिलने से इंकार किया है।
ईसानगर। चोरों ने कस्बे की चार दुकानों का ताला तोड़ दिया। चोर विनय कुमार शुक्ल की दुकान से करीब 24 हजार रुपए का सामान, सकरुल्ला की दुकान से 15000 रुपए का सामान, 10 किलो उड़द उठा ले गए। अशोक गिरि की दुकान से नौ हजार रुपए की नकदी, एक साइकिल और करीब तीस हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद चोर रोहित मिश्रा की दुकान का शटर तोड़ रहे थे। इसी बीच जाग होने से चोर भाग निकले। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर दी, लेकिन एसओ ने घटना की जानकारी होने से साफ इंकार कर दिया।