युवक की हत्या के बाद जांच करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
हरैया थाना क्षेत्र के गनवरिया गांव में मामूली विवाद में दबंगों ने एक युवक को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। युवक अपनी ननिहाल में नाना-नानी की संपत्ति की देखभाल करता था। मृतक के पिता ने हरैया थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।
बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र के महेशभारी गांव निवासी रामफेरन ने बताया कि उनका बेटा लाल बहादुर (26) हरैया थाना क्षेत्र के गनवरिया गांव में अपने नाना-नानी की संपत्ति की देखभाल अकेले रहकर करता था। रविवार की शाम लाल बहादुर का गनवरिया निवासी एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इससे गुस्साए विपक्षियों ने लाल बहादुर की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल लाल बहादुर को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान लाल बहादुर ने दम तोड़ दिया। रामफेरन का कहना है कि उनके बेटे की पिटाई करने वाले उससे बहुत दिनों से खुन्नस रखते थे। गांव वालों ने भी उनके बेटे की पिटाई होते देखा। कुछ लोगों ने लाल बहादुर को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
रामफेरन ने मामले में हरैया थाने में विपक्षियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। हरैया थानाध्यक्ष अभिषेक सिरोही ने बताया कि मौत से पहले युवक के मुंह से झाग निकल रहा था। उसकी मौत पिटाई से हुई है या फिर कोई जहरीला पदार्थ खाने से, इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चल पाएगा। रामफेरन की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत होने से परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।