आग लगने से अलग-अलग स्थानों पर नौ घर जलकर राख हो गए।
मझगईं। नौंगवां निवासी गोबरे खां के घर में शुक्रवार दोपहर दो बजे आग लग गई, इसने तीन और घरों को भी चपेट में ले लिया। आग इतनी विकराल थी कि कोई सामान निकाला नहीं जा सका। निसार का दो वर्षीय पुत्र अयान छप्पर के नीचे सो रहा था, बड़ी मुश्किल से उसको निकाला जा सका। इस हादसे में मोबीन खां, आफताब खां, गोबरे खां, निसार खां के घर जल गए। निसार के छह हजार रुपये, गोबरे और मोबीन की चारा मशीनें और सारा घरेलू सामान जल गया। उधर बबौरा में लगी आग में शत्रोहन के घर के साथ दो भैंसें बुरी तरह झुलस गईं। आग बुझने के करीब दो घंटे बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। मझगईं पुलिस, क्षेत्रीय लेखपाल, सपा नेता वहीद खां, रवि अहमद, राजू चौरसिया ने अग्निपीड़ितों को ढांढस बंधाया।
गोला गोकर्णनाथ। बघौड़ा में पूर्वाह्न 11 बजे हवाएं चलने से बिजली की चिंगारी सोहनलाल के छप्पर पर जा गिरी, जिससे उनके घर में रखा सामान जल गया। पड़ोस के सालिकराम, जसकरन और जगतपाल के घर में भी आग से हजारों का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने पहुंचकर गांव के अन्य घरों को बचा लिया। क्षेत्रीय लेखपाल अनुराग शुक्ला ने सूची बनाकर शासकीय सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।