कोतवाली क्षेत्र के मल्लबेहड़ में बृहस्पतिवार की रात दर्जन भर सशस्त्र नकाबपोश बदमाशों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह के घर धावा बोल कर परिवारवालों को एक कमरे में बांधकर डाल दिया। बदमाश 10 हजार की नकदी, सोने के सिक्के और तीन लाख के जेवरात लूटकर फरार हो गए। वहीं दूसरी घटना में बदमाशों ने परिवार वालों को बंधक बनाकर जेवर, बर्तन सहित करीब 60 हजार का सामान लूट लिया। पीड़ित घरवालों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मल्लबेहड़ निवासी राकेश वर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला सह कार्यवाह हैं। राकेश की ढखेरवा में दुकान हैं। उनके मुताबिक बृहस्पतिवार रात एक बजे बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए। बदमाशों ने कमरे में सो रहे राकेश के भाई सुरेश कुमार को असलहा दिखाकर कब्जे में ले लिया फिर भतीजे अवधेश को बंधक बनाकर राकेश के कमरे में दाखिल हो गए। एक बदमाश ने राकेश को असलहे दिखाए और पूरे परिवार को कमरे में बांधकर डाल दिया। बदमाशों ने दूसरे कमरों में रखे बक्सों से 10 हजार रुपये, सोने के आठ सिक्के, चांदी के 18 सिक्के और करीब तीन लाख के जेवर लूट ले गए। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक पूरा घर खंगाला। पीड़ित राकेश ने कोतवाली में तहरीर दी है। दूसरी घटना पड़ोसी गांव जगतापुर की है। गांव निवासी अमित अवस्थी के घर में सशस्त्र बदमाश दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गए और मां बेटे को बंधक बनाकर जेवर, बर्तन सहित करीब 60 हजार का माल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित परिवारवालों ने दोनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दे दी है, लेकिन पुलिस ने अब तक इन घटनाओं की रिपोर्ट तक नहीं दर्ज की है।
खोखे का ताला तोड़कर हजारों की चोरी
धौरहरा। कशफारा कस्बे में स्थित बैंक आफ बड़ौदा के पास स्थित उत्तमकुमार जायसवाल के खोखे का ताला तोड़कर चोरों ने 35 किलो मिठाई, 15 किलो मैदा, एक पीपा रिफाइंड, एक बैट्री और गुल्लक में रखी करीब तीन सौ रुपये की नकदी उड़ा दी। दुकानदार का कहना चोरों ने करीब 10 हजार का माल चोरी कर लिया। उसने पुलिस को तहरीर दी है लेकिन अब तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है।