पंजाब के लुधियाना शहर से लखीमपुर खीरी में जमीन खरीदने आए कार सवार चार लोगों को शहर से नौ किलोमीटर दूर इंदिरा मनोरंजन पार्क के पास बदमाशों ने घेर लिया और उनकी पिटाई करने के बाद 2.75 लाख नगद और चार मोबाइल लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। पीड़ित लोगों की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। लूट की घटना को पुलिस मारपीट का मामला बता रही है।
लुधियाना निवासी नरेंद्र सिंह के मुताबिक वह वहां प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं। करीब तीन महीने पहले लुधियाना में काम करने गए गंगाबेहड़ गांव के एक युवक से उनका परिचय हुआ। युवक से लखीमपुर में जमीन खरीदने को लेकर बात हुई। बुधवार को नरेंद्र सिंह अपने साथी मेहरद्दीन खां, नारायण सिंह और चरण सिंह उर्फ बब्बू के साथ कार से लखीमपुर पहुंचे। जिसके बाद नरेंद्र ने गंगाबेहड़ के युवक से फोन पर बातकर यहां पहुंचने की जानकारी दी। नरेंद्र के मुताबिक कुछ देर में दो बाइक से युवक आए उनसे संपर्क कर कार के आगे-आगे चलने लगे। बताते हैं कि जैसे ही कार सवार लोग इंदिरा मनोरंजन के पास गंगाबेहड़ गांव के चकरोड पर पहुंचे, तभी गन्ने के खेतों से निकल कर कई बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने कार सवार चारों लोगों से मारपीट की और उनसे 2.75 लाख नगद और चार मोबाइल सेट लूट कर फरार हो गए। लूटपाट के शिकार चारों लोगों ने एक राहगीर से मदद लेकर शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल को घटना की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। कोतवाल का कहना है कि प्रथम दृष्टया जमीन की खरीदारी को लेकर मारपीट का मामला लग रहा है, लेकिन पीड़ित नगदी और मोबाइल लूटने की बात कह रहे हैं। अभी पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।