गांव ककरहा में हुई बदमाशों ने की वारदात, दहशत
तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट
बेखौफ बदमाशों ने थाना मैगलगंज क्षेत्र के गांव ककरहा निवासी इकबाल के घर पर धावा बोल दिया और परिवार वालों को बंधक बनाकर नगदी-जेवर समेत लाखों रुपये का सामान लूट ले गए। सूचना पर सीओ मितौली ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
गांव ककरहा निवासी इकबाल ने बताया कि उनका बेटा छत पर सोया हुआ था और जीने का दरवाजा खुला था। गुरुवार की रात करीब छह बदमाश छत के सहारे जीने से नीचे उतर आए। बदमाशों ने सबसे पहले उसके पुत्र को असलहे के बल पर बंधक बना लिया। बाद में परिवार की महिलाओं समेत अन्य लोगों को कब्जे में कर घर में लूटपाट शुरू कर दी। परिवार के सभी सदस्यों को कमरे में बंद कर दो बदमाश असलहा ताने खड़े रहे। शेष बदमाशों ने उसकी पत्नी से नसीम बानो से चाबी छीन ली और घर में रखे दो सोने के हार, दो कुंडल, 12 अंगूठी, दो झुमकी, दो चेन, 50 हजार रुपये, 22 चांदी के सिक्के लूट लिए। जाने से पहले बदमाशों ने सबको कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों के जाने की आहट मिलने पर वह लोग किसी तरह से बंधन मुक्त हुए और शोर शराबा किया। शोर होने पर आसपास के तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर इंस्पेक्टर गुलाब शंकर पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। सीओ मितौली निष्ठा उपाध्याय ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार वालों और ग्रामीणों से घटना के बाबत जानकारी ली। इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।