मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
थाना खीरी के गांव बेलहरी निवासी सरोज कुमार की पत्नी 25 वर्षीय लक्ष्मी देवी का शव उसके ही घर में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। मायके वालों के पहुंचने से पहले ससुराल वाले भाग निकले। मायके वालों ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना खीरी के गांव अंबरसोत निवासी चक्रपाल वर्मा ने बताया कि उनकी बहन लक्ष्मी देवी की शादी दो साल पहले इसी थाना क्षेत्र के गांव बेलहरी निवासी सरोज कुमार के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि सोने की दो तोला चेन की मांग को लेकर ससुराल वाले उसकी बहन को अक्सर मारपीट कर प्रताड़ित करते थे। बहन के शिकायत करने पर पति व ससुराल के अन्य लोगों को समझा बुझाया भी गया, लेकिन वह लोग नहीं माने। बुधवार की शाम को गांव के कुछ लोगों ने उन्हें सेलफोन पर बहन की मौत होने की सूचना दी। सूचना पर जब वह परिवार वालों के साथ बहन के घर पहुंचे तो देखा बहन का शव आंगन में पड़ा हुआ था। वहां टीनशेड में लगी बल्ली से करीब छह फुट पर साड़ी लटक रही थी। पति और ससुराल के सभी लोग फरार थे। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बहन के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। एसओ जावेद अख्तर ने बताया कि तहरीर मिली है।