शहर के मोहल्ला हिदायतनगर से लापता 13 वर्षीय साहबेआलम की लोकेशन पश्चिमी यूपी के हापुड़ जिले में ट्रेस की गई है। उसकी बरामदगी के लिए पुलिस की एक टीम हापुड़ रवाना कर दी गई है।
तीन दिन से लापता साहबेआलम के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बार-बार चक्कर काटने के बाद परिवारीजनों के साथ मोहल्ले के लोगों ने सदर कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा काटा था। पुलिस की लोगों से काफी देर तक नोकझोंक हुई, जिसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की गई। शहर कोतवाल शिवशंभू किशोर जायसवाल ने बुधवार को बताया कि साहबेआलम को उसके पिता ने जो मोबाइल दिया था, उसका नंबर सर्विलांस के जरिए ट्रेस किया गया है। कोतवाल ने साहबेआलम की उम्र 16-17 वर्ष के करीब बताई। साहबेआलम का लोकेशन हापुड़ में ट्रेस होने के बाद सदर कोतवाली पुलिस की एक टीम वहां के लिए रवाना कर दी गई है। पुलिस ने जल्द ही साहबेआलम के लौटने की उम्मीद जताई है।