नेपाल में हिंसा के चलते भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी, पुलिस, वन विभाग और कस्टम के अधिकारियों ने ज्वाइंट पेट्रोलिंग कर लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा की। इस दौरान बार्डर स्थित मोहाना नदी के घाटों से आने जाने वाले लोगों की सघन तलाशी ली गई।
एसएसबी तृतीय वाहिनी के कमांडेंट मुकेश कुमार ने बताया कि नेपाल के कैलाली जिले की मंडी टीकापुर में हिंसक वारदात होने के चलते सीमा पर कड़ी चौकसी बरती गयी है। इस दौरान बार्डर स्थित मोहाना नदी के सभी घाटों पर आने-जाने वालों की तलाशी का अभियान चलाया गया। नेपाल में हिंसा के चलते मंगलवार को बार्डर पर आवाजाही काफी कम रही। उन्होंने बताया कि पिलर संख्या 104 से 119 के मध्य पेट्रोलिंग की गयी। सभी कच्चे-पक्के मार्गों पर जवानों ने नाकाबंदी की। पेट्रोलिंग में कोतवाली तिकुनियां इंसपेक्टर सीबीसिंह तथा वन दरोगा रवींद्र सिंह के अलावा कस्टम अधिकारी एवं एसएसबी के तमाम जवान मौजूद रहे। बार्डर पर कड़ी चौकसी के चलते तिकुनियां के बाजार में सन्नाटा छाया रहा।