नेपालियों ने किया पथराव और फायरिंग, नेपाली युवक की मौत
जवाबी कार्रवाई में खीरी एसएसबी-पुलिस ने भी हवाई फायरिंग की
लखीमपुर खीरी बॉर्डर से नहीं नेपाल आने-जाने पर रोक लगाई गई
गांव बसही से सटी भारत-नेपाल सीमा के पास नोमैंस लैंड पर कुछ दिनों पूर्व रुकवाया गया पुलिया का निर्माण नेपालियों ने फिर शुरू कर दिया जिससे बवाल हो गया। भारतीय एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) ने निर्माण पर आपत्ति की तो नेपालियों ने पथराव और फायरिंग कर दी, जिससे छह एसएसबी जवानों को मामूली चोटें आईं। हमलावरों को खदेड़ने के लिए एसएसबी ने जवाबी हवाई फायरिंग की। इस बीच एक नेपाली को गोली लग गई, जिसकी नेपाल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
एसपी के निर्देश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एसएसबी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव और फायरिंग करने का मामला दर्ज किया जा रहा है। दिन भर चले बवाल के दौरान दोपहर बाद नोमैंस लैंड पर नेपालियों ने नेपाली झंडा भी गाड़ दिया, जिसे भारतीय प्रशासन ने अपने कब्जे मेें ले लिया। इससे बॉर्डर पर हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। फिलहाल हालात सामान्य होने तक खीरी से नेपाल आने-जाने पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
बीती 18 फरवरी को भारतीय गांव बसही और उधर नेपाल के जिला कंचनपुर की नोमैंस लैंड पर हृयूम पाइप निर्माण को रोका गया था। माना जा रहा था कि यह निर्माण नोमैंस लैंड पर हो रहा है। इसमें दोनों देशों के अधिकारियों में सहमति बनी थी कि संयुक्त नाप जोख के बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। लेकिन बुधवार की रात फिर से नेपाली नागरिकों ने यहां निर्माण कार्य शुरू कर दिया। निर्माण रोकने के दौरान नेपाल की ओर से किए गए पथराव और फायरिंग में नेपाल के जिला कंचनपुर के पुनर्वास नगर पालिका के वार्ड नंबर आठ निवासी 23 वर्षीय गोविंद गौतम जख्मी हो गए जिनकी अस्पताल में मौत हो गई।
डीएम आकाशदीप, एसपी मनोज झा, एसएसबी कमांडेंट दिलबाग सिंह, एसडीएम शादाब असलम मौके पर पहुंचे। नेपाल के अधिकारियों से हुई वार्ता में निर्णय लिया गया कि जब तक दोनों देशों की ज्वाइंट सर्वे टीम निर्णय नहीं देती बॉर्डर पर कोई निर्माण शुरू नहीं किया जाएगा। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए जिले से अतिरिक्त पुलिस बल और 39वीं वाहिनी से एसएसबी बल को बुलवा लिया गया है। नेपाली जमे हुए हैं और सीमा की स्थिति तनावपूर्ण है।
उधर, बॉर्डर पर बवाल के दौरान नेपाली पुलिस का पिस्टल गायब हो गया है। इसका खुलासा नेपाल के जिला कंचनपुर के एसएसपी प्रकाश बहादुर चंद ने दोनों देशों के अधिकारियों की वार्ता के दौरान किया। उन्होंने कहा कि भगदड़ के दौरान नेपाली पुलिस टीम का पिस्टल गायब हो गया।
फायरिंग में नेपाली की मौत को डीएम ने नकारा
डीएम आकाशदीप ने कहा है कि नेपालियों के हमले से बचने के लिए एसएसबी ने हवाई फायर किए थे, जिसमें किसी को गोली लगने का कोई सवाल नहीं है। नेपाली पुलिस और लोग पथराव कर रहे थे, जिससे नेपाली को गोली लगने की आशंका है। डीएम ने नेपाल के अधिकारियों से कहा कि फिर भी वे जांच कर लें अगर कोई साक्ष्य देते हैं तो जांच की जाएगी।
गोलीबारी से भारत ने किया इंकार
काठमांडू। भारत ने नेपाल-भारत सीमा पर एसएसबी द्वारा एक नेपाली के मारे जाने से साफ तौर पर इंकार कर दिया। भारतीय दूतावास ने कहा कि एसएसबी की ओर से गोलीबारी की कोई घटना नहीं हुई। जरूरत है कि शांति बनाई रखी जाए और किसी भी निर्माण के शुरू होने से पहले दोनों तरफ के सर्वेक्षण अधिकारियों को सीमा स्तंभों का निर्धारण करने देना चाहिए। जिलाधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है कि वे हालात को संभालने में सहयोग करें। एजेंसी