दो महिलाओं ने लगाया लोहिया आवासों की दूसरी किश्त हड़पने का आरोप
पीड़ितों ने दी पुलिस को तहरीर, कार्रवाई और रकम दिलाने की मांग
कोठिया गांव की दो महिलाओं ने पूर्व प्रधान के पति पर उनके लोहिया आवासों की दूसरी किश्त हड़पने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर रकम दिलाने और कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि धन न मिलने के कारण उनके आवास अधूरे पड़े हैं और वह छप्पर में रहने को मजबूर हैं।
समग्र लोहिया गांव कोठिया निवासी सोनापति और सियावती का कहना है कि उनके लोहिया आवासों का चयन पूर्व प्रधान सीमा देवी के कार्यकाल में हुआ था। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान के पति रमाशंकर जाटव ने शासन से आई दोनो की पहली किस्त के दो लाख 45 हजार रुपये ले लिए थे। उन्होंने निर्माण सामग्री दिलवा दी थी, जिससे लिंटर तक निर्माण हो गया था। बाद में दूसरी किश्त भी आ गई, जिसे प्रधानपति ने निकलवा तो लिया, लेकिन धनराशि नहीं दी। धीरे- धीरे पांच माह बीत गए। यहां तक कि प्रधानपति के कहने पर लिंटर के लिए सटरिंग भी बिछवा दी, लेकिन उन्होंने पैसे नहीं दिए। महिलाओं ने बताया कि सटरिंग का किराया करीब बीस हजार रुपए हो गया। मजबूर होकर उन्होंने मझगईं चौकी इंचार्ज से प्रधानपति से लोहिया आवास की दूसरी किश्त की रकम दिलाने के साथ कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर बीडीओ बलराम का कहना है कि आवास का धन हड़पा गया है तो कार्रवाई होनी चाहिए। एसडीएम आलोक कुमार कहते हैं कि प्रकरण उनकी जानकारी में नहीं है पीड़ित अगर पत्र देते हैं तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।