कोतवाली क्षेत्र के गांव नरहरा में जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए पैमाइश कराने के दौरान कब्जेदारों ने एसडीएम सुल्तान अशरफ सिद्दीकी और उनकी टीम पर तलवार से हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए एसडीएम को भागना पड़ा, जिसके बाद पुलिस कर्मियों ने तीन हमलावरों को पकड़ लिया। तीनों पड़ोसी जिला शाहजहांपुर के हैं, जबकि एक आरोपी भाग गया। एसडीएम ने देरशाम कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, जिसमें सरकारी कार्य में बाधा डालने, राजस्व टीम पर जानलेवा हमला और बलवा करने का आरोप लगाया है।
शाहजहांपुर के सदर बाजार के मोहल्ला जियाखेल निवासी पूजा वर्मा पत्नी संजीव वर्मा ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर नरहरा गांव में जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की थी। डीएम के निर्देश पर एसडीएम मोहम्मदी टीम और कोतवाली इंस्पेक्टर सीबी सिंह के साथ बुधवार को नरहरा पहुंचे थे। जहां विपक्षी शाहजहांपुर के आलोक विहार कॉलोनी निवासी राजेश कुमार, सदर बाजार के रामनगर निवासी वीरेंद्र पाल सिंह, जलालनगर निवासी इकबाल हुसैन और मोहल्ला दिलाजाख निवासी विक्की मौजूद थे। जमीन की पैमाइश शुरू होते ही विपक्षियों ने विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद राजेश कुमार, वीरेंद्र पाल आदि हमलवार हो गए और पैमाइश रोकने का प्रयास किया। एक आरोपी ने तलवार लेकर एसडीएम को दौड़ा लिया, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर तीन आरोपियों राजेश, वीरेंद्र और इकबाल को गिरफ्तार कर लिया।
डीएम गौरव दयाल ने कहा कि मामले की जानकारी है। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।