थाना क्षेत्र के पसियनपुरवा गांव के मजरा ढखेरवा नानकार में मंगलवार रात करीब एक बजे लूटपाट करने आए पांच बदमाशों में से एक बदमाश को ग्रामीणों ने दबोच लिया और लाठी-डंडों से इतना पीटा कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी दौरान भागते हुए रोकने पर एक बदमाश ने गांव के एक किशोर को चाकू मार कर घायल कर दिया। मारे गए बदमाश की जेब से बाइक के कागज और ड्राइविंग लाइसेंस से उसकी पहचान उत्तराखंड के थाना खटीमा (ऊधमसिंह नगर) के गांव नगला तराई निवासी भूपेंद्र सिंह धामी (35) के रूप में हुई है। गृहस्वामी की तहरीर पर पांच बदमाशों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज करने के अलावा ऐहतियाती तौर पर गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। एसपी अरविंद सेन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार रात पांच बदमाशों ने अवधराम के घर का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा नहीं खुलने पर दो बदमाश दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुस गए, जबकि तीन छत पर चढ़ गए। इस बीच आहट सुनकर अवधराम कमरे की कुंडी खोलकर बाहर निकला तो बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और पीटने लगे। अवधराम के चिल्लाने पर पत्नी रामकली, पुत्रियां रेनू, रजनी और चार वर्षीय पुत्र रोशन जाग गए और शोर मचाने लगे। आवाजें सुनकर आसपास के लोग अवधराम के घर की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख छत पर मौजूद बदमाश अंधाधुंध फायरिंग करते हुए छत से कूदकर भाग गए।
गोलियों की आवाज सुनकर नीचे मौजूद दो बदमाशों में से एक छत पर चढ़ गया और ग्रामीणों को आता देख उसने भी छत से छलांग लगा दी। मकान के नीचे मौजूद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और इतना पीटा कि उसकी मौके पर मौत हो गई। इसी दौरान घर के अंदर मौजूद दूसरा बदमाश मेन गेट से भागने लगा, जिसे गांव के रामखिलावन के पुत्र कमलेश ने रोकने की कोशिश की। बदमाश ने उसे चाकू मारकर जख्मी कर दिया और भाग गया। बाद में भागते हुए चारों बदमाश गांव के प्रधान लियाकत के गन्ने के खेत में घुसकर फरार हो गए।