मुड़िया हेमसिंह की तरह इस गांव में हुई चोरी की वारदात
गांव के बाहरी हिस्से में बने घरों को बनाया निशाना
महज 48 घंटे के भीतर भीरा क्षेत्र में चोरों ने मुड़िया हेमसिंह के बाद अंबारा गांव में चार घरों को निशाना बनाकर 70 हजार रुपए एवं करीब डेढ़ लाख से ज्यादा के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने यहां भी रात को एक से दो बजे का समय चुना। अंबारा गांव में घुसने से पहले चोर गांव के बाहर एक झाले पर भी घुसे थे, लेकिन यहां पर घर वालों के जाग जाने पर भाग गए।
घटना रात करीब एक बजे की है। अंबारा गांव के दक्षिण छिंदा सिंह का झाला है। दो युवक कमरे में घुस गए और सामान खंगालने लगे। आहट होने पर घर में जाग हो गई। इस पर चोर भाग निकले। छिंदा के मुताबिक एक चोर कच्छा-बनियान पहने हुए नंगे पैर थे। जिसमें एक लंबे कद का एवं एक ठिगने कद का है, लेकिल अंधेरा होने से वह शक्ल नहीं पहचान पाए। रात करीब डेढ़ बजे अंबारा निवासी गायत्री प्रसाद के घर उनका पोता विमल मोबाइल पर गाने सुनते-सुनते सो गया, तभी रात को आंख खुली तो देखा कि मोबाइल गायब था। तभी घर वालों को जगाने पर पता चला कि दो कमरों के ताला तोड़कर चोर बक्से उठा ले गए। इन बक्सों में 40 हजार रुपये नगद, दो सोने की चैन, चार अंगूठी समेत कान और नाक की झुमकी करीब डेढ़ लाख के जेवर गायब थे, चोर घर के चार मोबाइल भी ले गए। वहीं रात करीब दो बजे रमजान की सहरी खाने उठे गांव के ही शमीउल्ला की पत्नी ने देखा कि उनके घर की सेफ अलमारी के ताले टूटे हैं, एवं घर से बक्सा गायब है। चोरी होने की बात जानकर मोहल्ले में शोर मच गया, इस दौरान देखा कि पड़ोसी वारिश अली के साथ समीउल्ला का बक्सा भी बाहर पड़ा है। शमीउल्ला की सेफ में रखे 33 हजार रुपये नकद, एक जोड़ी पायल, मांग टीका, बुंदा, अंगूठी एवं नथुनी समेत एक मोबाइल गायब था। वहीं वारिस के घर से 10 हजार नकद, एक जोड़ी झाला, पायल, दो नाक के फूल, दो कुंडल एवं मोबाइल समेत तमाम सामान गायब था। रात को ही सूचना पर भीरा एसओ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। चोर गांव के ही शिशुपाल यादव के घर से साइकिल भी उठा ले गए।
दोनो गांव में चोरी की घटना का एक ही अंदाज
बिजुआ। चोरों ने रविवार रात को चौकी क्षेत्र के मुड़िया हेमसिंह के सात घरों को निशाना बनाया था। तीसरे दिन अंबारा गांव में चोरी की घटना में चार घर निशाने पर रहे। दोनों चोरी की वारदात एक ही तर्ज पर हुईं। चोरों ने दोनो घटनाओं में बाहरी हिस्से में बने घरों को निशाना बनाया है।