जिला अस्पताल में एक घंटे तक हुआ बवाल
बहू ने ससुर पर लगाया बेटा ले जाने का आरोप
शनिवार को शहर के मोहल्ला निवासी एक युवक अपने पिता के साथ जिला अस्पताल में भर्ती अपनी सास को देखने गया था, जहां पर उसकी पत्नी व डेढ़ वर्षीय बेटा भी मौजूद था। बताते हैं कि इस दौरान युवक के पिता ने पोते को गोद में लेकर वार्ड से बाहर आए और बाइक से चलते बने। काफी देर तक अपने बच्चे को ना देखकर जब महिला ने अपने पति से बच्चे के बाबत पूछा तो वह उससे हाथापाई करने पर आमादा हो गया। बच्चे को अपने से दूर किए जाने की आशंका के चलते महिला ने जब अपने पति से बच्चा मंगाने को कहा तो दोनों के बीच हंगामा होने लगा। हालांकि मामला पुलिस तक पहुंचने से पहले ही ससुर ने पोते को लाकर बहू के सुपुर्द कर दिया। महिला ने अपने सास- ससुर पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए बच्चे को अपने से दूर किए जाने का आरोप लगाया है।
बेहजम क्षेत्र के गांव रमुआपुर शक्ति गांव निवासी त्रिलोकी गुप्ता की पत्नी मीरा गुप्ता सर्जिकल महिला वार्ड में भर्ती हैं, जिनके साथ शनिवार को उनकी विवाहित पुत्री प्रतिभा गुप्ता अपने डेढ़ साल के बेटे आदित्य के साथ मौजूद थीं। प्रतिभा का कहना है कि दोपहर में पति दीपक व ससुर रामनरेश उसकी उसकी मां को देखने आए थे। इस दौरान ससुर ने आदित्य को गोदी में लेकर चले गए और जब इस बारे में पति से पूछा तो वह मारपीट करने पर आमादा हो गया। प्रतिभा और उसके पिता द्वारा विरोध करने पर दीपक वार्ड में हंगामा करने लगा, जिससे लोगों का मजमा लग गया, जिसकी सूचना स्टाफ नर्स छंदा पांडे ने होमगार्डों को दी। बताते हैं कि होमगार्डों ने भी जब दीपक से बच्चे को मां को दिए जाने के लिए कहा तो वह उनसे भी उलझ गया। इस पर स्टाफ नर्स ने होमगार्डों से कोतवाली पुलिस को सूचित करने को कहा। मामला कोतवाली तक पहुंचने के डर से रामनरेश ने पोते को लाकर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। तब जाकर प्रतिभा की जान में जान आई। वहीं रामनरेश का कहना है कि वह अपने पोते को बाहर घुमाने के लिए लेकर गए थे।