घर की दीवार फांदकर अंदर घुसे चोरों ने जेवर, नगदी और कपड़े समेत हजारों का माल पार कर दिया। हैरत की बात यह कि घरवाले सोते रहे और उन्हें इसकी भनक तक न लगी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
सुंदरवल निवासी सत्तार खां के घर शुक्रवार रात चोर पीछे से दीवार फांदकर अंदर आ गए। उस वक्त घर के लोग गहरी नींद में थे। चोरों ने घर खंगाला और संदूक समेत काफी सामान उठा ले गए। सुबह घरवाले जागे तो सामान अस्त-व्यस्त देखा। घरवालों ने आसपास नजर दौड़ाई तो खाली संदूक समीप के खेत मे पड़े मिले। गृहस्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर छह हजार की नगदी, सोने और चांदी के जेवर समेत एक लाख का सामान चोरी हो जाने की बात कही है।