थाना मैलानी के गोला गोकर्णनाथ तहसील क्षेत्र के गांव संसारपुर में एक व्यक्ति की जमीन को जालसाजों ने फर्जी आईडी से दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर बैनामा करा दिया। इस बात का खुलासा तीन साल बाद तब हुआ जब खेत मालिक तहसील में अपना इंतखाब निकलवाने पहुंचा। यह जानकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। जमीन मालिक ने इसकी रिपोर्ट गोला कोतवाली में दर्ज कराई है।
कस्बा बांकेगंज निवासी मनोहर लाल की संसारपुर स्थित भूमि गाटा संख्या 544- 0.2130 रकबा तीन बीघा को तीन साल पहले थाना मैलानी क्षेत्र के गांव संसारपुर निवासी जालसाजों ने फर्जी आईडी से दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर बैनामा पप्पू लाल पुत्र लेखराम निवासी थाना मैलानी के बगुली मजरा संसारपुर के नाम करा दिया। तीन साल बाद 10 दिसंबर 2015 को जब खेत मालिक मनोहर लाल इंतखाब निकलवाने तहसील पहुंचा तो पता चला कि उसकी जमीन से वह गाटा संख्या ही गायब थी। काफी खोजबीन के बाद जब उसने नामांतरण बही देखी तो पता चला कि उसकी तीन बीघा जमीन का तीन साल पहले 19 मार्च 2012 को बैनामा कराने के साथ दाखिल खारिज करा दिया गया है और अब खरीदार पप्पू लाल का नाम नामांतरण बही में दर्ज हो चुका है। मनोहर लाल को जब इस बात का पता चला तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने इस बावत थाना कोतवाली गोला में जालसाजों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करवाने की तहरीर दी। गोला कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर एके उपाध्याय ने तहरीर के आधार पर फर्जी खरीदार पप्पू लाल, फर्जी व्यक्ति की शिनाख्त करने वाले थाना हैदराबाद के मजरा भवानीगंज निवासी रहीश पुत्र मुश्ताक और थाना मैलानी के गांव संसारपुर निवासी रियासत पुत्र शाकिर अली के विरुद्ध धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 506 संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।