सात बने, तीन अधबने तमंचा, ड्रिल मशीन आदि बरामद
थाना धौरहरा पुलिस को गुरुवार की देर शाम बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने घाघरा नदी के बंधा के पास कारखाने का भंडाफोड़ कर सात तमंचे, अधबने तमंचों के पार्ट्स, ड्रिल मशीन आदि बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य साथी भागने में सफल रहे।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी डॉ. एस चन्नपा ने बताया कि धौरहरा कोतवाल दीपक शुक्ल ने उनके आदेश पर चलाए जा रहे अपराधियों के सत्यापन अभियान के लिए एक टीम गठित की थी। गुरुवार की शाम टीम ने मुखबिर की सूचना पर घाघरा नदी के बंधा के पास पीपल पेड़ के नीचे कारखाना बरामद कर असलहे बना रहे इसी कोतवाली के गांव खगियापुर निवासी किशोरीलाल, गुड्डू और थाना ईसानगर के गांव टापरपुरवा के मजरा हसनापुर निवासी राकेश को दबोच लिया, जबकि टापरपुरवा के ही हरनाम और मोतीलाल मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से सात देशी तमंचे, अधबने तमंचों के पार्ट्र्स, एक ड्रिल मशीन, तीन अदद नाल, एक पंखा बरामद किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने तीनों आरोपियों को जेल भे दिया है।