घर में आग लगाने और दीवार तोड़ने का आरोप
तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स तैनात
थाना क्षेत्र के गांव बिनौरा में कई सालों से चल रहा जमीन विवाद ने पुलिस की लापरवाही से गुरुवार की देर रात बड़ा रूप ले लिया। राजनीतिक दखलंदाजी के कारण एक समुदाय के कुछ लोगों ने दूसरे समुदाय के घर में आग लगा दी और दीवार गिरा दी। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर चले। इससे गांव में तनाव व्याप्त हो गया। तनाव को देखते हुए सिंगाही, तिकुनियां समेत कई थानों की पुलिस तैनात की गई है। एएसपी घनश्याम चौरसिया ने रात में ही गांव पहुंचकर घटना की जानकारी ली और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देते हुए लोगों से अमन चैन बनाए रखने की अपील की।
गांव बिनौरा निवासी नाजबीन ने बताया कि उसका गांव के ही मुल्लू से घर के पास पड़ी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विवादित जमीन पर उसने 16 साल पहले मकान बना लिया था। इसी को लेकर उसकी रंजिश चली आ रही थी। गुरुवार की रात पति मकसूद खां, बच्चे सुफियान, आवेश, निशा, शिफा, आस्कुल, सविस्ता समेत परिवार के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे। आरोप है कि रात करीब 11:30 बजे अचानक उसका घर जलने लगा। आग लगी देख कर मकसूद खां के छोटे भाई मेहनाज ने देखा। उसने शोर मचाकर परिवार वालों को जगाया। घर जलता हुआ देखकर मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए। आरोप है कि जब उन लोगों ने सामान निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने ईंट-पत्थर चलाते हुए दीवार गिरा दी। किसी ने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। आग लगने से घर में रखे जेवर, कपड़ा, बर्तन, पांच हजार की नकदी संग करीब दो लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया। आरोप है एक पक्ष के एक व्यक्ति ने सुफियान के पैर पर चाकू मारकर घायल कर दिया। मामला दो समुदाय का होने के कारण वहां पर तिकुनियां, सिंगाही, धौरहरा की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। देर रात अपर पुलिस अधीक्षक ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने एक पक्ष के छत्रपाल, राजकुमार, घनश्याम, शांती, मुल्लू और दूसरे पक्ष के मकसूद, मोहम्मद अहमद, वसीम, मेहनाज को गिरफ्तार कर मारपीट में चालान किया है।
भूमि विवाद के चलते आग लगाने और दीवार गिराने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जोगी। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों का मारपीट में चालान किया गया है।
- जयकरन सिंह, कोतवाल