सलेमपुर कोन स्थित शूटिंग रेंज पर टेस्ट फायरिंग के दौरान एक राइफल का चेंबर टूटने से रेंज अधिकारी अब्दुल वहीद खां और मोहम्मदी क्षेत्र के गांव राजगढ़ निवासी लाइसेंसी बलदेव सिंह घायल हो गए। इससे शूटिंग रेंज में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही एसपी अरविंद सेन और सीओ धौरहरा मनोज यादव ने जिला अस्पताल पहुुंचकर घायलों का हाल जाना।
बता दें कि लाइसेंसधारकों को रिन्यूवल से पहले अपने असलहे से फायरिंग कर टेस्ट देना अनिवार्य है। इसके लिए सलेमपुर कोन स्थित शूटिंग रेंज (चांदमारी) पर प्रत्येक रविवार को टेस्ट फायरिंग कराई जाती है। रविवार को सैकड़ों असलहाधारी रिन्यूवल के लिए टेस्ट देने आए थे। इसी में मोहम्मदी क्षेत्र के गांव राजगढ़ निवासी बलदेव सिंह अपनी राइफल का रिन्यूवल कराने के लिए टेस्ट देने आए थे। मोहल्ला ईदगाह निवासी रेंज अधिकारी अब्दुल वहीद खां की देखरेख में टेस्ट फायरिंग हो रही थी। दोपहर करीब ढाई बजे बलदेव सिंह ने राइफल से फायर किया, जिसमें उनकी राइफल का चेंबर का एक हिस्सा टूटकर टुकड़े उनके चेहरे में जा धंसे। वहीं कुछ टुकड़े पास में खड़े रेंज अधिकारी अब्दुल वहीद खां की ठोढ़ी में घुसकर दूसरी तरफ निकल गए। इसके बाद दोनों के कपड़े खून से लथपथ हो गए, जिसे देख परिसर में अफरा-तफरी मच गई। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉ सुजीत कुमार सिंह ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई। एसपी अरविंद सेन ने बताया कि राइफल के बोल्ट के पास का कुछ हिस्सा फायरिंग के दौरान टूट गया, जिसकी किर्च की चपेट में आने से दोनों लोग घायल हुए हैं।