काफी समय से चारों आरोपी पुलिस के थे मुखबिर
छुड़ाने के लिए कोतवाली में दिखे कई सफेदपोश
सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात क्राइम ब्रांच की टीम के साथ कई जगहों पर छापेमारी कर दो शातिर अपराधियों सहित चार लोगों को दबोच लिया। सूत्रों की मानें तो पकड़े गए चारों युवक पुलिस के मुखबिर थे और खुद को क्राइम ब्रांच टीम का बताकर रुतबा कायम कर उगाही करते थे। हालांकि कई सफेदपोशों ने आरोपियों को छुड़ाने की पैरवी की। इसके अलावा असरदार लोगों का भी कोतवाली में आना-जाना लगा रहा। फिलहाल पुलिस ने अभी तक कोई लिखा-पढ़ी नहीं की है। चारों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।
बुधवार को सदर कोतवाली पुलिस ने क्राइम ब्रांच टीम के साथ मोहल्ला हाथीपुर समेत कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे थे। इस दौरान पुलिस ने चार युवकों को दबोच लिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो पकड़े गए दो युवकों पर हत्या व हत्या के प्रयास आदि के करीब दर्जन भर आपराधिक मुकदमे हैं और चारों युवक लंबे समय से पुलिस के मुखबिर थे। आरोपी खुद को क्राइम ब्रांच टीम का सदस्य बताकर लोगों पर रुतबा जमाते और वसूली करते थे। यह बात जब सदर कोतवाल दीपक शुक्ल को पता चली तो उन्होंने छापेमारी कर चारों युवकों को दबोच लिया। बताते हैं कि जिले के कई असरदार नेताओं ने आरोपियों को छोड़ने की सिफारिश भी की। शायद यही वजह है कि पुलिस ने अभी आरोपियों के खिलाफ लिखा-पढ़ी नहीं की है। चारों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं।
सदर कोतवाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच का बनकर रुतबा कायम करने की बात की उन्हें जानकारी नहीं है। अन्य दूसरे मामले में चारों लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे अभी पूछताछ की जा रही है।