सीतापुर से ट्रेन में तमंचा लेकर आ रहे एक युवक को जीआरपी ने लखीमपुर स्टेशन के प्लेटफार्म पर दबोच लिया गया। पकड़े गए युवक पर पहले से ही ट्रेनों में छिनैती करने के तीन मुकदमे दर्ज हैं। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर युवक का चालान कर दिया है।
एसओ जीआरपी चेतराम वर्मा के मुताबिक सद्दाम निवासी काशीराम कालोनी भंसड़िया रविवार को लखनऊ से आ रही रूहेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन में गेट पर खड़ा होकर आ रहा था, कई बार वह पैंट से तमंचा निकाल कर यात्रियों को भी दिखा चुका था। यात्रियों ने इसकी सूचना लखीमपुर जीआरपी को दी। यहां प्लेटफार्म पर ट्रेन रुकने पर जीआरपी को अपनी ओर आता देख सद्दाम भागने लगा। जिसे दौड़ाकर यात्री प्रतीक्षालय के पास पकड़ लिया गया। एसओ ने बताया कि सद्दाम पर पहले से ट्रेनों में छिनैती और चोरी के तीन मुकदमे दर्ज हैं।