पड़ोस में सो रहे खराद कारोबारी को बांधकर डाला, पिटाई कर की लूटपाट
पुलिस के कई प्रयासों के बाद भी चोरी और लूट की घटनाएं थम नहीं रही हैं। रविवार की रात हाईटेक चोरों ने एलआरपी पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर खुद की खराद दुकान पर सो रहे कारोबारी को असलहों के बल पर कब्जे में कर लिया और उसके हाथपांव और मुंह बांध दिया। बदमाशों ने उसके पास से मोबाइल और तीन सौ रुपये लूट लिए। उसके बाद पास में स्थित जनता टायर्स की दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखी 10 हजार रुपये की नकदी, ट्रक के 40 नए टायर, लैपटॉप आदि चोरी कर ले गए। चोरों की संख्या करीब छह बताई गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला पंजाबी कॉलोनी निवासी हरपाल सिंह की एलआरपी रोड पर पुलिस चौकी से करीब 500 मीटर की दूरी पर टायर की दुकान और गोदाम है। शनिवार की रात करीब एक बजे बड़े वाहन से बदमाश पहुंचे। बदमाश पहले टायर की दुकान के पास स्थित खराद की दुकान पर पहुंचे और वहां सो रहे दुकान मालिक थाना और कसबा खीरी निवासी रामस्वरूप को असलहों के बल पर बंधक बना लिया। रामस्वरूप ने बताया कि उनके पास पांच बदमाश आए थे। बदमाशों ने चारपाई पर बिछी चादर फाड़कर पहले उनके हाथ-पांव बांध दिए और उसके गमछे से मुंह कसकर बांध दिया। बदमाशों ने उसे एक थप्पड़ मारा और मोबाइल, तीन सौ रुपये लूट लिए। एक बदमाश असलहा लिए उनकी चारपाई पर ही बैठा रहा, जबकि चार बदमाश टायर की दुकान पर पहुंचे और शटर तोड़ दिया। टायर दुकान के मालिक हरपाल सिंह ने बताया कि बदमाश दुकान में रखे 35 से 40 ट्रक के नए टायर, लैपटॉप, मोबाइल और सेफ तोड़कर उसमें रखी 10 हजार की नकदी ले गए। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर ट्रक से आए थे। सोमवार सुबह रामस्वरूप ने घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी, जिससे वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुकान स्वामी ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। सदर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
लापरवाही मिलने पर दो सिपाही लाइन हाजिर
लखीमपुर खीरी। पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर टायर की दुकान में हुई लाखों की चोरी के मामले मे एक्शन मोबाइल की लापरवाही सामने आई है। एसपी मनोज कुमार झा ने एक्शन मोबाइल के सिपाही वशिष्ठ पांडेय और रामाधार को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी ने बताया कि दोनों सिपाहियों ने ड्यूटी में लापरवाही बरती है। इसके चलते दोनों को लाइन हाजिर किया गया है।