भीरा थाना क्षेत्र के मलूकापुर कलां में सोमवार रात को एक घर में घुसे चोरों ने छत पर सो रहे युवक को बांधकर हजारों की चोरी कर ली। युवक जागा तो खुद को बंधा हुआ पाया, इस पर शोर मचाकर परिवार वालों को जगाया, तब उन्हें चोरी की घटना का पता चला।
चौकी क्षेत्र बिजुआ के गांव मलूकापुर कलां में रहीश अहमद और उनकी पत्नी घर के बाहर सो रहे थे, जबकि बड़ा पुत्र नियामत अली उनकी पत्नी घर के छत पर चारपाई पर सो रहे थे। मंझला पुत्र अशफाक अली दूसरे घर में सो रहे थे। रात करीब एक बजे घर के पिछले हिस्से से घुसे चोरों ने छत पर सो रहे नियामत को रस्सियों से जकड़ दिया। नियामत की जब आंख खुली तो खुद को रस्सियों में जकड़ा पाया, तब उसने पत्नी को जगाकर रस्सियां खुलवाईं। अनहोनी की आशंका में जब नियामत छत से नीचे उतरा तो देखा दोनों कमरों के ताले टूटे पड़े हैं और काफी सामान चोरी जा चुका है। चोरों ने घर से जाने के लिए पिछले दरवाजे का इस्तेमाल किया। रात को ही नियामत ने अपने परिचितों समेत पुलिस को सूचना दी। पुलिस को तहरीर दे दी गई है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।