कोतवाली क्षेत्र के गांव कुंवरपुर में मंगलवार की शाम करीब चार बजे घर से लापता हुए नौ वर्षीय बालक की अज्ञात व्यक्ति ने कुकर्म के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। उसका शव बुधवार को गांव के पश्चिम में स्थित एक गन्ने के खेत में बरामद हुआ। इससे परिवार वालों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की गला दबाकर हत्या करने और कुकर्म होने की पुष्टि हुई है।
गांव कुंवरपुर निवासी ओमप्रकाश ने बताया कि उनका नौ वर्षीय पुत्र शशिकांत मंगलवार की दोपहर बाद करीब दो बजे गांव के चार-पांच बच्चों संग पतंग उड़ाने घर से निकला था। सभी बच्चे शाम को लौट आए, लेकिन शशिकांत नहीं लौटा। अंधेरा होने के बाद परिवार के लोगों ने उसकी गांव में तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा। इस पर मंगलवार की रात करीब नौ बजे गायब शशिकांत के पिता परिवार के अन्य लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी भी दर्ज कर ली थी। गांव वालों ने आशंका जताई कि कोई जंगली जानवर बालक को खींच ले गया होगा। इस आशंका पर कोतवाली पुलिस के साथ ही गांव के लोग भी आधी रात के बाद तक बच्चे को खेतों में तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बुधवार को सुबह साढ़े आठ बजे से गांव वालों ने फिर खेतों में बच्चे को खोजना शुरू किया तभी गांव के पश्चिम में जयवीर सिंह के गन्ने के खेत में बच्चे का शव पड़ा दिखा।
सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। बच्चे की लाश गन्ने की मेड़ से करीब दस मीटर अंदर पड़ी थी। शव के पास ही जूते रखे थे और पतंग पड़ी हुई थी। खैनी तंबाकू की खाली पुड़िया और पीक भी पड़ी थी। बच्चे के साथ बेरहमी की कहानी वहां पड़ा मल बता रहा था। परिवार वालों ने किसी भी रंजिश से साफ इंकार किया है। सूचना पर सीओ विजय आनंद, प्रभारी कोतवाल डीके सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का निरीक्षण किया। सीओ के बुलाने पर मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट की टीम ने टूटे पड़े गन्ने, जूते, पतंग, तंबाकू की पुड़िया और पीक की मिट्टी आदि को एकत्र कर लिया है। सीतापुर से आई डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बालक की गला दबाकर हत्या करने और कुकर्म होने की पुष्टि हुई है।
मंगलवार को बालक के लापता होने की तहरीर मिलते ही गुमशुदगी दर्ज करा दी गई थी। बुधवार सुबह तलाश के दौरान बालक का शव मिला, जिसका पोस्टमार्टम कराया गया है। बच्चे के साथ कुकर्म होने और गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। गुमशुदगी को ही हत्या में तरमीम किया जाएगा। मामले में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है। सभी पहलुओं पर विवेचना की जा रही है।
- दिलेश कुमार सिंह, प्रभारी कोतवाल-मोहम्मदी