पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा, आरोपी गिरफ्तार
पिछले ही हफ्ते कर्फ्यू की मार झेल चुके शहर में फिर तनाव
हाल में ही कर्फ्यू की मार झेल चुके लखीमपुर शहर का माहौल बुधवार दोपहर फिर गरमा गया। शहर के एक भाजपा नेता की भतीजी के साथ दूसरे समुदाय के युवक ने छेड़छाड़ कर दी जिसे लोगों ने दबोचकर पिटाई की और फिर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मगर कुछ ही देर बाद जब यह खबर शहर में फैली तो हिंदू समुदाय के लोग भड़क उठे। भाजपा नेता की अगुवाई में लोगों ने कोतवाली को घेरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। आखिरकार पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। पुलिस ने भाजपा नेता की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार राजगढ़ इलाके में रहने वाले भाजपा नेता की भतीजी और बेटी बुधवार दोपहर कोचिंग पढ़कर साइकिल पर घर लौट रही थीं। रास्ते में ओवरब्रिज के पास एक दूसरे समुदाय का युवक ने भाजपा नेता की भतीजी की साइकिल रोककर छेड़खानी करने लगा। छात्रा ने शोर मचाया तो राहगीरों ने आरोपी को पकड़ लिया और पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने युवक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। कुछ ही देर बाद इस घटना की खबर शहर में फैली तो भाजपाई सड़कों पर उतर आए। भीड़ ने थाना घेर लिया और जमकर हंगामा किया।
उग्र भीड़ की अगुवाई कर रहे सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी योगेश वर्मा की इस दौरान एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी से नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ पर लाठीचार्ज कर दिया। भीड़ को खदेड़ने के बाद पुलिस ने योगेश वर्मा और उनके दो समर्थकों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइंस भेज दिया। कुछ देर फिर कोतवाली पहुंचे भाजपाइयों ने भाजपा नेता की गिरफ्तारी के विरोध में दोबारा नारेबाजी की। भाजपा नेता के बारे में जानकारी लेने भाजपा कार्यकर्ता कुछ अधिवक्ताओं के साथ कोतवाली के अंदर भी पहुंचे लेकिन सीओ सिटी निर्मल कुमार बिष्ट ने उन्हें कोई जानकारी देने से इंकार कर दिया। हालांकि कुछ ही देर बाद पुलिस ने भाजपा नेता को छोड़ दिया।
इस बीच डीएम आकाशदीप और एसपी मनोज कुमार झा भी कोतवाली पहुंचे। शहर में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी के जवानों की गश्त बढ़ा दी गई है। कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि भाजपा नेता योगेश वर्मा की तहरीर पर आरोपी शादाब के खिलाफ छेड़छाड़ एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी शहर का ही रहने वाला है।