टेहरा शहरी निवासी एक महिला स्टेट बैंक से 50 हजार रुपये निकाल कर रिक्शे से घर वापस जा रही थी कि इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने टेहरा मोहल्ले में पलिया-निघासन मार्ग के पास उससे यह रकम छीन ली और फरार हो गए। महिला बदहवासी में थाने पहुंची और घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि लुटेरे उसे बैंक में भी मिले थे। इस पर चौकी इंचार्ज उसे साथ लेकर बैंक आए और सीसी टीवी की रिकार्डिंग देखनी चाही लेकिन कोई रिकार्ड नहीं मिला।
शहर के मोहल्ला टेहरा शहरी निवासी स्वर्गीय जुगराज की पत्नी रामकुमारी मंगलवार को स्टेट बैंक से 50 हजार रुपये निकाल कर रिक्शे से घर जा रही थी कि दोपहर करीब डेढ़ बजे मोहल्ला टेहरा में पलिया-निघासन मार्ग पर पीछे से आई एक बाइक पर सवार दो लोगों ने उनकी साड़ी में लिपटे 50 हजार रुपये छीन लिए और बाइक लेकर निघासन की ओर भाग निकले। महिला की चीख-पुकार सुनकर वहां लोगों की भीड़ लग गई। कोई कुछ कर पाता उससे पहले ही लुटेरे ओझल हो चुके थे। बदहवास महिला थाने पहुंची और आपबीती सुनाई। उसने बताया कि लुटेरे उसे बैंक में भी मिले थे और पूछा था कि काम हो गया। जिस पर उन्होंने उनसे कहा था कि हां काम हो गया। इसके बाद वह रुपये लेकर रिक्शा करके घर के लिए निकल लीं। टेहरा के पास उन लोगों ने ही इस वारदात को अंजाम दे दिया। चौकी इंचार्ज धर्मदास सिद्धार्थ महिला को लेकर स्टेट बैंक पहुंचे और सीसी टीवी की जांच की लेकिन कैमरा यहां रिकार्डिंग करता नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने वहां लोगों से तमाम जानकारी ली। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दस दिन से नहीं कर रहा था कैमरा रिकार्डिंग
स्टेट बैंक का सीसी टीवी करीब दस दिन पहले से रिकार्डिंग नहीं कर रहा था। बैंक के शाखा प्रबंधक मुकुंद सिन्हा के मुताबिक इसकी सूचना लखनऊ में दी जा चुकी थी। जब वहां से टीम आएगी तो कैमरा ठीक हो पाएगा।
कितने चक्कर के बाद भी रुपया न हो सका अपना
महिला के पति जुगराज की मौत काफी पहले एक सड़क हादसे में हो गई थी वह बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज में चपरासी थे। उन्हीं की सर्विस का धन करीब दो महीने पहले तमाम मशक्कत के बाद बैंक में आया था। महिला इसी में से रुपये निकाल कर ले जा रही थी।
दिन पर दिन बढ़ रहे अपराधों से लोगों में रोष
पलिया शहर में दिन पर दिन बढ़ रहे अपराधों से लोगों में रोष है। अभी सोमवार को ही व्यापार मंडल ने मेला मैदान रोड पर हुई एक चोरी की वारदात के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए अपराधों पर लगाम लगाने की मांग की थी।
लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है मामले में अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
-धर्मदास सिद्धार्थ, चौकी इंचार्ज पलिया