झंडी चौकी में दिनदहाड़े हुई घटना, दहशत
बैंक से पैसा निकालकर साइकिल से घर जा रहे एक वृद्ध को दो बाइक सवारों ने पीटा, बाद में पांच हजार की नकदी और पासबुक छीन ली। घटना की सूचना के बाद भी पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की हैं।
बरोठा के मजरा गांव लंघनिया पुरवा निवासी 60 वर्षीय स्वामी दयाल सोमवार को झंडी स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक से पांच हजार रुपये निकालकर साइकिल से दोपहर करीब तीन बजे घर जा रहा था। गांव से कुछ दूरी पर सामने से आ रहे बाइक सवारों ने उसे रोक लिया। उसके बाद बाइक में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया और उसकी पिटाई कर पैसे से भरा थैला छीन लिया। बदमाश करमू पुरवा रास्ते की ओर बाइक लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद भी पुलिस ने मौका मुआयना नहीं किया। बतादें कि छह जनवरी को इसी चौकी क्षेत्र में बकरा चोरों ने पचपेंडी निवासी संतोष की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लूट के बाद हत्या के मामले में करीब दो माह से अधिक समय बीत रहा है, लेकिन अब तक पुलिस घटना का खुलासा करने में नाकाम रही हैं। उधर चोरी और लूट की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत हैं। इंस्पेक्टर डीसी मिश्रा ने बताया कि वृद्ध के साथ हुई लूट की घटना के बारे में अभी तहरीर नहीं मिली हैं। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।