गोकुल एक्सप्रेस से गोला गोकर्णनाथ आ रही थी शिक्षिका
गोकुल एक्सप्रेस से घर आ रहीं कोतवाली और कसबा गोला के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना निवासी शिक्षका प्रियंका वर्मा का पर्स छीनकर बेलरायां रेलवे स्टेशन पर उचक्का कूदकर भाग निकला। जीआरपी ने शिक्षिका की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना निवासी प्रियंका वर्मा ने बताया कि वह बलरामपुर जिले के थाना तुलसीपुर के गांव निश्चलडीह स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। घर आने के लिए वह 20 मई की सायं साथी शिक्षिका विनीता वर्मा के साथ गोकुल एक्सप्रेस में सवार हुईं। रास्ते में जनरल डिब्बे में ऊपर की बर्थ पर लेट गईं। बेलरायां रेलवे स्टेशन से जब ट्रेन रवाना हुई तो अचानक नीचे सीट पर बैठा युवक ने उनका पर्स छीन लिया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग निकला। उन्होंने बताया कि पर्स में एटीएम कार्ड, दो मोबाइल, स्कूल की चाबी और अन्य कागजात थे। मैलानी पहुंचने पर वह जीआरपी चौकी गईं और घटना की तहरीर दी, लेकिन चौकी पुलिस ने उन्हें जीआरपी थाना लखीमपुर भेज दिया। एसओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षिका की तहरीर पर अज्ञात युवक के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।