फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, दो फरार 

Sun, 22 May 2016 11:53 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो  मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)।
विज्ञापन
हत्या - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
- आखिर पकड़े गए गंगा सिंह के कातिल
विज्ञापन

- पत्रकार के साथ लूटपाट के दौरान उनके चाचा की गोली मारकर हत्या की घटना कबूली 
- लूटा गया मोबाइल, तीन तमंचा और कारतूस बरामद
- रिवाल्वर बरामद न होने से पुलिस की मुस्तैदी पर उठे सवाल
पांच दिन पूर्व मोहम्मदी क्षेत्र में गांव केहुआ निवासी पत्रकार हरिश्चंद्र के साथ लूटपाट के दौरान उनके चाचा गंगा सिंह की गोली मारकर हत्या करने के मामले में तीन बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य साथी बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल, तीन तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं, लेकिन लूटा गया रिवाल्वर बरामद न होने से मुस्तैदी पर सवाल उठने लगे हैं।
एसपी ने पुलिस लाइंस स्थित सभागार में पकड़े गए तीनों बदमाशों को मीडिया के सामने पेश किया। एसपी अखिलेश चौरसिया ने बताया कि रविवार की तड़के पुलिस को सूचना मिली कि पुवायां रोड पर ग्राम मगनेरा के पास स्थित टेढ़े पुलिया पर 16 मई को मोहम्मदी के गांव केहुआ निवासी पत्रकार हरिश्चंद्र के साथ लूटपाट कर उनके चाचा गंगा सिंह की गोली मारकर हत्या करने की घटना में शामिल बदमाश मेंहदी बाग के पास खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब घेराबंदी की तो बदमाश फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर तीन बदमाश थाना मोहम्मदी के गांव देवीस्थान निवासी जावेद, रामजी और सबील उर्फ लड्डू को दबोच लिया, जबकि उनके दो अन्य साथी भागने में सफल रहे। बदमाशों के पास से पुलिस ने पत्रकार हरिश्चंद्र से लूटा गया एक मोबाइल, दो तमंचा 315 बोर, दो खोखा, चार जिंदा कारतूस, एक तमंचा 12 बोर, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। बदमाशों ने पुलिस के सामने पूछताछ करने पर बताया कि गंगा सिंह के हाथापाई करने पर साथी बदमाश वीरू ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। लूटा गया रिवाल्वर भी वीरू के पास है। मुख्य आरोपी वीरू के मौके से भागना और लूटा गया रिवाल्वर बरामद न होना पुलिस की मुस्तैदी पर सवालिया निशान लगा रहे हैं। पुलिस वीरू और उसके फरार एक अन्य साथी को तलाश कर रही है।  
विज्ञापन


जावेद और रामजी का है आपराधिक इतिहास 
पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए बदमाश जावेद और रामजी के खिलाफ थाना मोहम्मदी पर आर्म्स एक्ट, चोरी और अपहरण के चार-चार मामले दर्ज हैं, जबकि तीसरे आरोपी सबील उर्फ गुड्डू का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। 

पुलिस टीम में यह लोग रहे शामिल
एसओ मोहम्मदी आनंद कुमार शाही, एसएसआई परशुराम ओझा, एसआई कल्लू सिंह, सिपाही अफरोज खां, राजेंद्र गंगवार, संजीत सिंह चौहान, शीशपाल, सुशील कुमार, विपिन बालियान और जय भारत। 
विज्ञापन


हमेशा की तरह मुख्य आरोपी को फिर नहीं पकड़ पाई पुलिस
मोहम्मदी। प्रभारी कोतवाल आनंद शाही का कहना है कि वीरू और उसका एक अन्य साथी उस समय भाग निकला, जब पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। लूटा गया रिवाल्वर मुख्य अभियुक्त वीरू ही लेकर भागा। पुलिस का यह दावा हमेशा की तरह एक बार फिर सामने आया है, क्योंकि अधिकांश वारदातों में पुलिस मुख्य आरोपी को नहीं पकड़ पाती। यहां तक कि हत्या के लिए ले जा रहे गोवंशीय पशुओं की बरामदगी तो हो जाती है, लेकिन तस्कर कभी नहीं पकड़े जाते। कुल मिलाकर इस खुलासे से पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल उठे हैं। उधर, इस बाबत एसपी अखिलेश चौरसिया का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी पकड़ा जाएगा और रिवाल्वर भी बरामद कर लिया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें