रोड पार करते समय हुआ हादसा
लखीमपुर-गोला मार्ग पर गांव अधारपुर के पास बाइक ने सड़क पार कर रही गांव निवासी 65 वर्षीय राजकुमारी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव अधारपुर निवासी श्रीकेशन ने बताया कि शुक्रवार की सुबह उनकी पत्नी 65 वर्षीय राजकुमारी उत्तर दिशा की ओर बने अपने बग्गर को जाने के लिए लखीमपुर-गोला मार्ग क्रॉस कर रहीं थीं। तभी गोला की ओर से आ रही बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज हुई कि राजकुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने तड़प रहे घायल को जिला अस्पताल भिजवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। एसओ तपेश्वर सागर ने बताया कि मृतका के पुत्र शिवपूजन की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।