मुनीम के अपहरण के मामले में पुलिस ने संजय जैन की तहरीर पर सात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अगवा करने की रिपोर्ट दर्ज की है। बदमाशों ने फोन कर 20 लाख की फिरौती की मांग की है। मांग पूरी न होने पर भट्ठा मालिक के पेट्रोल पंप को उड़ाने की धमकी दी है।
र्साइं ईंट उद्योग पर बरेली के गांव दुनका शीशगढ़ निवासी मेराज मुनीम था। रविवार की रात 1.10 बजे बाइक पर सवार नकाबपोश सात बदमाश आए और मजदूरों से मेराज का आवास पूछा। आवास पर पहुंचकर बदमाश तमंचे के बल पर उनको बाइक पर बैठाकर लेकर चले गए। इस दौरान एक बदमाश वहां खड़ी बाइक और दो टार्च भी उठा ले गया। अपहरण की घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सोमवार की देर रात अपर पुलिस अधीक्षक ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने इस मामले में संजय जैन की तहरीर पर सात अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है। संजय ने बताया कि मेराज के नंबर से रात में करीब चार बजे फोन आया कि मुनीम को बचाना चाहते हो तो 20 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। यदि ऐसा नहीं हुआ तो पेट्रोल पंप उड़ा दिया जाएगा।
एसओ जेपी यादव का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है शीघ्र ही मुनीम को सकुशल वापस लाया जाएगा। सीओ मोहम्मद इब्राहिम के अनुसार मामले में एसओ सिंगाही समेत कई लोगों की टीम लगाई गई है शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा।