होली मिलकर घर जा रहे बाइक सवार दंपति को बोलेरो ने टक्कर मार दी, जिससे पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को घायल हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नगर के मोहल्ला कृष्णापुरम बादलनगर निवासी अमरजीत सिंह चौधरी और उनकी पत्नी कान्ता देवी अर्जुननगर कॉलोनी से होली मिलकर रविवार रात को बाइक से घर जा रहे थे। नानक चौकी के पास रात 11 बजे सामने से तेज गति से आ रही अनियंत्रित बुलेरो चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने अमरजीत सिंह चौधरी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। दुर्घटना कर भाग रही बुलेरो को पुलिस ने पकड़ लिया है।