एक घंटे बाद पहुंचा फायर सर्विस का वाहन, फूटा लोगों का गुस्सा
मोहल्ला पठान चार में रविवार की देररात महमूद मार्केट के पास एक चाय की दुकान में आग लग गई। इलाका आबादी वाला है जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। लोग आग पर काबू पाने को मशक्कत में जुट गए। इधर फायर सर्विस का वाहन करीब एक घंटे बाद पहुंचा। जिससे फायर कर्मियों और लोगों में खूब तू तू मैं मैं हुई। फिलहाल फायर वाहन ने आग पर काबू पा लिया।
मोहल्ला पठान चार में महमूद मार्केट के पास यासीन की चाय की दुकान है। रविवार की रात करीब 10.30 बजे दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। मार्केट मोहल्ले से सटी हुई है जिससे लोगों में अफरा तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए सैकड़ों लोग आ गए और फायर सर्विस को फोन किया लेकिन करीब एक घंटे बाद ही फायर सर्विस का वाहन पहुंचा और आग बुझाई। इस दौरान लोगों ने फायर कर्मियों को खूब खरी खोटी सुनाई। बता कि फायर सर्विस स्टेशन शहर से चंद किलोमीटर दूर है। फिलहाल आग पर काबू होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसमें दुकानदार को हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।